सिलीगुड़ी, 27 अप्रैल 2026 — सिलीगुड़ी की एक युवा कलाकार संगीता अग्रवाल उस समय खुशी से झूम उठीं, जब उन्हें प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) से सीधे एक फोन कॉल और प्रशंसा पत्र प्राप्त हुआ। संगीता ने 12 अप्रैल को एक चुनावी रैली के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनका एक हाथ से बना स्केच (पोर्ट्रेट) भेंट किया था।
संगीता ने बताया कि रैली के दौरान जब पीएम मोदी ने अपने सुरक्षाकर्मियों (SPG) को वह स्केच लेने का निर्देश दिया था, तभी उन्हें बेहद खुशी हुई थी। अब पीएमओ से व्यक्तिगत सराहना पाकर उनका परिवार काफी उत्साहित है। संगीता ने कहा कि प्रधानमंत्री से मिली इस पहचान की खुशी को वह शब्दों में बयां नहीं कर सकती हैं।
मुर्शिदाबाद की कलाकार को भी मिला पत्र संगीता के अलावा, मुर्शिदाबाद के जंगीपुर गांव की रहने वाली एक अन्य युवा कलाकार बृष्टि मंडल को भी रविवार को पीएम मोदी की तरफ से एक पत्र मिला। बृष्टि ने भी चुनाव प्रचार के दौरान पीएम को उनका एक पोर्ट्रेट दिया था। 24 अप्रैल को भेजे गए इस पत्र में पीएम मोदी ने बृष्टि की कला और लगन की सराहना करते हुए लिखा कि इस तरह का स्नेह उन्हें युवाओं के लिए एक उज्ज्वल भविष्य और ‘नए भारत’ के निर्माण के प्रति और अधिक प्रतिबद्ध बनाता है।